नवागढ़ अनुभाग में विद्यार्थियों के लिए विशेष शिविर, स्कूलों में बनेंगे स्थायी जाति एवं निवास प्रमाण पत्र


बेमेतरा टाइम्स । कलेक्टर बेमेतरा के निर्देश पर नवागढ़ अनुभाग के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के स्थायी जाति प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नवागढ़ ने तहसीलदार नवागढ़ एवं नांदघाट को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, शासन की प्राथमिकता के तहत विद्यार्थियों को समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चरणबद्ध तरीके से शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों का आयोजन 4 जुलाई को शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बालक नवागढ़, 11 जुलाई को अंधियारखोर, 18 जुलाई को संबलपुर, 25 जुलाई को मारो तथा 31 जुलाई को टेमरी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में किया जाएगा।

एसडीएम ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित तहसीलदार स्वयं अथवा सक्षम राजस्व अधिकारी की उपस्थिति में शिविर संचालित कर छात्र-छात्राओं के जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित पटवारियों को निर्धारित तिथि पर विद्यालयों में उपस्थित रहकर आवेदन पत्रों का सत्यापन एवं आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा शिविरों में कंप्यूटर, इंटरनेट, ऑपरेटर, स्टेशनरी, पंजी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रत्येक शिविर के बाद ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों की जानकारी अनुविभागीय कार्यालय नवागढ़ को भेजना भी अनिवार्य किया गया है।

एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि यह शासन की प्राथमिकता वाला कार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यार्थियों को समयबद्ध रूप से प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के लिए सभी अधिकारियों को गंभीरता से जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post