उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया बारगांव के होनहार हॉकी खिलाड़ियों का सम्मान, राष्ट्रीय-राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को मिला प्रशस्ति पत्र

शाला प्रवेश उत्सव में खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिभा को मिला सम्मान, ग्रामीण प्रतिभाओं की उपमुख्यमंत्री ने की सराहना


बेमेतरा टाइम्स । स्कूल शिक्षा विभाग, जिला बेमेतरा द्वारा मंडी प्रांगण बेरला में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव के उन होनहार हॉकी खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया, जिन्होंने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण एवं कांस्य पदक जीतकर विद्यालय, जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

सम्मान समारोह के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। खेल केवल जीत का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल, दुर्ग सांसद विजय बघेल, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू, रजककार बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी तथा भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय के प्राचार्य श्याम सिंह ने कहा कि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री के हाथों विद्यालय के खिलाड़ियों का सम्मानित होना पूरे विद्यालय परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत तथा विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका एवं हॉकी कोच तुलसी साहू के समर्पित प्रशिक्षण को दिया।

व्यायाम शिक्षिका (कोच) तुलसी साहू ने कहा कि यह सम्मान केवल खिलाड़ियों का नहीं, बल्कि पूरी हॉकी टीम की मेहनत, अनुशासन और एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बच्चों ने विपरीत परिस्थितियों में भी निरंतर अभ्यास किया, जिसका प्रतिफल आज उन्हें मिला है। यह सम्मान अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।

सम्मानित खिलाड़ी

राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में चिंताराम पटेल (राष्ट्रीय सहभागिता, राज्य स्तरीय कांस्य), तन्नू बेग (राष्ट्रीय सहभागिता, राज्य स्तरीय स्वर्ण), निधि पाटिल, विजय विश्वकर्मा, रूपेश कुमार, तुषार यादव, मानसी साहू (सभी राज्य स्तरीय स्वर्ण पदक), ओमकार निषाद, कुलदीप कुमार, नोमिता साहू, दिव्या निषाद (राज्य स्तरीय कांस्य पदक), करण यादव (राज्य स्तरीय पदक), खुशवंत पाल, अशोक कुमार साहू, अनिकेत साहू, कावेरी साहू, लोकेश्वरी साहू तथा ममता पाल (राज्य स्तरीय सहभागिता) शामिल रहे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के समस्त शिक्षकों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post