मोबाइल टॉवर के खिलाफ सुंदर नगर में जनआक्रोश, वार्डवासियों ने कहा— किसी भी कीमत पर नहीं लगने देंगे टॉवर


बेमेतरा टाइम्स । नगर पालिका परिषद बेमेतरा के वार्ड क्रमांक 08 स्थित सुंदर नगर (हीरो शोरूम के पीछे) में प्रस्तावित मोबाइल टॉवर स्थापना का स्थानीय रहवासियों ने कड़ा विरोध किया है। वार्ड की पार्षद श्रीमती चांदनी रोशन दत्ता एवं वार्डवासियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को ज्ञापन सौंपकर टॉवर लगाने की अनुमति नहीं देने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि जिस स्थान पर टॉवर लगाया जा रहा है, वह घनी आबादी वाला क्षेत्र है और चारों ओर आवासीय मकान स्थित हैं। रहवासियों का आरोप है कि मोबाइल टॉवर से निकलने वाले रेडिएशन का मानव स्वास्थ्य के साथ-साथ पशु-पक्षियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उनका यह भी कहना है कि वार्ड पार्षद द्वारा इस संबंध में किसी प्रकार की मौखिक या लिखित सहमति नहीं दी गई है।

वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि जब स्थानीय लोगों ने टॉवर लगाने का विरोध किया तो संबंधित कंपनी के प्रतिनिधियों ने दादागिरीपूर्ण व्यवहार किया। ज्ञापन में CMO से मांग की गई है कि संबंधित कंपनी को किसी भी प्रकार की एनओसी या अनुमति जारी न की जाए और टॉवर स्थापना पर तत्काल रोक लगाई जाए।

रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि विरोध के बावजूद जबरन टॉवर लगाया गया और भविष्य में कोई अप्रिय घटना या विवाद उत्पन्न होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन एवं संबंधित कंपनी की होगी।

वार्डवासियों ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

वर्सन 

 आवेदन प्राप्त हुआ है, मामले पर आगे की कार्रवाई की जाएगी !

 नरेश वर्मा, सीएमओ नगर पालिका परिषद बेमेतरा

Post a Comment

Previous Post Next Post