जानकारी के अनुसार, राजस्व अधिकारियों की टीम ग्राम पंचायत पदमी में राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए शिविर आयोजित करने पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने गांव के खेल मैदान पर हुए कथित अतिक्रमण को तत्काल हटाने की मांग उठाई। ग्रामीणों का आरोप था कि लंबे समय से प्रशासन केवल आश्वासन और तारीखें देता आ रहा है, लेकिन अब तक अतिक्रमण हटाने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
अधिकारियों के जवाब से असंतुष्ट ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और अधिकारियों को वहां से जाने नहीं दिया। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों और पुलिस ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद मामला शांत हुआ और अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई में जुटा हुआ है। घटना को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान जारी होना अभी बाकी है।
