कटई स्कूल में बच्चों के भविष्य से खिलवाड़? प्रभारी प्रधान पाठक पर प्रदूषित पानी पिलाने और सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग के गंभीर आरोप


बेमेतरा टाइम्स । विकासखंड नवागढ़ के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कटई के प्रभारी प्रधान पाठक राजेन्द्र कुमार महिलांग के खिलाफ स्कूल प्रबंधन समिति, सरपंच एवं पालकगण ने कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में प्रभारी प्रधान पाठक को तत्काल पदमुक्त कर उनके विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है। साथ ही गांव एक अन्य मामले पर भी आवेदन दिया गया है !

शिकायतकर्ताओं के अनुसार विद्यालय में बच्चों को प्रदूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मध्यान्ह भोजन तैयार करने के लिए भी पर्याप्त स्वच्छ पानी की व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा विद्यालय के शौचालय (वाशरूम) की स्थिति भी खराब बताई गई है, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि विद्यालय के मध्यान्ह भोजन से संबंधित सामान का उपयोग प्रभारी प्रधान पाठक अपने घर में कर रहे हैं। वहीं शासन द्वारा विद्यालय को उपलब्ध कराए गए पंखे, रैक, कुर्सियां और सेंटेक्स (पानी की टंकी) को भी निजी उपयोग के लिए घर ले जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार उनके स्थान पर पुराने सामान विद्यालय में लगा दिए गए हैं।

शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि प्रभारी प्रधान पाठक विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों की बातों को नजरअंदाज करते हैं तथा शासन से मिलने वाली विभिन्न मदों की राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। उनका कहना है कि इन मामलों की शिकायत पहले भी सुशासन तिहार के दौरान की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष मनी बाई, उपाध्यक्ष सहित अन्य समिति सदस्यों, पालकों और ग्राम पंचायत प्रतिनिधी ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषी पाए जाने पर प्रभारी प्रधान पाठक को पद से हटाने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

वर्सन 

सुविधा अनुसार स्कूल के अतिरिक्त कुर्सियों को सीएससी के स्कूल ले जाया गया है, जो वर्तमान में वहां उपयोग हो रहा है ! जब कुर्सियों या समान को यहां से वहां ले जाया जा रहा था, तब लोगों को लगा होगा कि मैं उसे अपने घर ले जा रहा हूं जबकि ऐसा बात नहीं है ! रही बात प्रदूषित पानी की तो समस्या थी, बोर से गंदा पानी आ रहा था, किंतु अभी ठीक हो चुका है ! नजर अंदाज करने की बात बिल्कुल गलत है,, मीटिंग होता है सभी लोग आते हैं बात होती है ! उनके द्वारा मेरे ऊपर लगाए गए राशि दुरुपयोग का आरोप भी निराधार है !

राजेन्द्र कुमार महिलांग, प्रभारी प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला कटई 

Post a Comment

Previous Post Next Post