उप मुख्यमंत्री अरुण साव कल बेमेतरा में करेंगे योजनाओं की मैराथन समीक्षा, अधिकारियों की होगी जवाबदेही तय


बेमेतरा टाइम्स । उप मुख्यमंत्री अरुण साव 31 जुलाई (शुक्रवार) को एक दिवसीय प्रवास पर बेमेतरा पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे जिले में संचालित विकास कार्यों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करेंगे। जिला प्रशासन ने बैठक की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा विभागीय अधिकारियों को अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उप मुख्यमंत्री श्री साव प्रातः रायपुर स्थित कार्यालय से प्रस्थान करेंगे तथा रायपुर में आयोजित सी.जी. टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के बाद बेमेतरा पहुंचेंगे।

दोपहर 2:30 बजे से सायं 6:00 बजे तक कलेक्टोरेट सभागार, बेमेतरा में आयोजित जीवनदीप समिति की बैठक एवं जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में वे विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लेंगे। समीक्षा के दौरान अधोसंरचना परियोजनाओं, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, खेल एवं युवा कल्याण सहित अन्य विभागों के कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा होगी।

बैठक में उप मुख्यमंत्री अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे, ताकि आम जनता को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

बैठक के उपरांत उप मुख्यमंत्री अरुण साव सायंकाल बेमेतरा से बिलासपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने और विभागवार अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post