सलधा से गूंजा सनातन का महामंत्र : गुरु बिना जीवन अपूर्ण, जगद्गुरु शंकराचार्य का ओजस्वी संदेश, दो माह तक देंगे वेदांत ज्ञान और शिव कथा


बेमेतरा टाइम्स । गुरु पूर्णिमा महोत्सव के पावन अवसर पर सलधा ग्राम में आयोजित भव्य धार्मिक समारोह में पूज्यपाद ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गुरु तत्व की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक उत्सव या मेला नहीं, बल्कि जीवन में गुरु की अनिवार्यता का उद्घोष करने वाला महापर्व है। उन्होंने कहा कि मेले में घूमने वाला व्यक्ति अंततः अकेला रह जाता है, जबकि गुरु के सानिध्य में जीव को जीवन की वास्तविक पूर्णता प्राप्त होती है। जिसके जीवन में गुरु नहीं है, वह सदैव अपूर्णता का अनुभव करता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को किसी ज्ञानी एवं तत्त्वदर्शी गुरु की शरण में अवश्य जाना चाहिए।

महोत्सव का शुभारंभ काशी से पधारे विद्वान आचार्य श्री वीरेश्वर दातार द्वारा वैदिक एवं शास्त्रोक्त विधि से गुरु मंडल पूजन के साथ हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूज्य शंकराचार्य महाराज का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। श्री हरीश शाह, श्री प्रकाश उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में भक्तों ने उनका अभिनंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

शंकराचार्य जी के मीडिया प्रभारी अशोक साहू ने बताया कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव के पश्चात पूज्यपाद शंकराचार्य महाराज आगामी दो माह तक सलधा ग्राम में प्रवास करेंगे। इस दौरान वे श्रद्धालुओं को सतत आध्यात्मिक मार्गदर्शन एवं ज्ञानोपदेश प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई से प्रतिदिन प्रातः 8 बजे वेदांत पाठ तथा सायं 3 से 5 बजे तक शिव कथा का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

कार्यक्रम में दंडी स्वामी श्रीमज्ज्योतिर्मानंद सरस्वती महाराज, साध्वी पूर्णांबा, साध्वी शारदाम्बा, ब्रह्मचारीगण, ज्योतिर्मठ के सीईओ चंद्रप्रकाश उपाध्याय, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू सपत्नीक, देवेंद्र यादव, रविन्द्र चौबे, ताम्रध्वज साहू, आशीष छाबड़ा, पूर्व विधायक मोतीराम चंद्रवंशी, कबीरधाम भाजयुमो जिला अध्यक्ष उमंग पांडे, अतुल देशलहरा, बंटी तिवारी, नीलकंठ चंद्रवंशी, ज्योतिर्मठ के सीएफओ मदनमोहन उपाध्याय सहित अनेक संत-महात्मा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post