कोटवार संगठन का बड़ा एक्शन : देवेंद्र सिंह चौहान के खिलाफ FIR की मांग, फर्जी लेटरहेड और संगठन विरोधी गतिविधियों पर जिला बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित

दाढ़ी तहसील में हुई जिला स्तरीय बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष प्रेम किशोर बाघ की मौजूदगी, संगठन ने कड़ी कार्रवाई का लिया निर्णय।


बेमेतरा टाइम्स । दाढ़ी तहसील में सोमवार को कोटवार संगठन ऑफ छत्तीसगढ़ की जिला स्तरीय बैठक प्रांतीय अध्यक्ष प्रेम किशोर बाघ के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संपत दास मानिकपुरी ने की, जबकि संचालन साजा तहसील अध्यक्ष गोपाल दास ने किया।

बैठक में प्रांतीय सचिव नागेश्वर चौहान, प्रांतीय कोषाध्यक्ष भूषण दास, महामंत्री प्रेमदास, प्रांतीय सह सचिव त्रिलोकी दास, मीडिया प्रभारी गिरवर दास, खैरागढ़ जिला अध्यक्ष कोमल सिंह जनघेल, जिला सचिव सनत चौहान, बेमेतरा तहसील अध्यक्ष तामेश्वर दास, जिला उपाध्यक्ष बनवारी दास, थान खमरिया तहसील अध्यक्ष घुरुवा दास, देवकर तहसील अध्यक्ष पलटू दास, दाढ़ी तहसील अध्यक्ष संतोष चौहान, बेमेतरा तहसील उपाध्यक्ष कविता चौहान, तहसील सचिव दौलत दास, दाढ़ी तहसील सचिव द्वारिका दास, कोटवार कीर्तन दास सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य एजेंडा देवेंद्र सिंह चौहान के विरुद्ध संगठनात्मक कार्रवाई रहा। संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि देवेंद्र सिंह चौहान द्वारा कथित रूप से फर्जी लेटरहेड तैयार कर स्वयं को बेमेतरा जिला अध्यक्ष दर्शाते हुए जिला अध्यक्ष की सील का उपयोग कर विभिन्न कार्यालयों में पत्राचार किया गया। साथ ही प्रांतीय पदाधिकारियों के संबंध में भ्रामक जानकारी फैलाने और संगठन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने के आरोप भी लगाए गए।

बैठक में बताया गया कि 12 दिसंबर 2025 को हुई प्रांतीय बैठक में देवेंद्र सिंह चौहान को संगठन विरोधी गतिविधियों के आरोप में दो वर्ष के लिए किसी भी पद पर चुने जाने से प्रतिबंधित करते हुए निष्कासित किया जा चुका है। इसके बावजूद उनके द्वारा कथित रूप से सोशल मीडिया और व्हाट्सएप समूहों में भ्रामक जानकारी प्रसारित करने तथा विभिन्न न्यायालयों में संगठन के विरुद्ध शिकायतें दर्ज कराने की बात भी बैठक में रखी गई।

उपस्थित सदस्यों ने इन आरोपों की घोर निंदा करते हुए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि देवेंद्र सिंह चौहान के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायत भेजकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की मांग की जाएगी।

बैठक की जानकारी दाढ़ी तहसील अध्यक्ष संतोष चौहान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

वर्सन 

पंजीयन क्रमांक 40 मंत्रालय में डिफाल्टर हो चुका है, प्रदेश अध्यक्ष अपने पद पर अवैध रूप से बैठा हुआ है, वर्षो से बिना चुनाव के संगठन का संचालन किया जा रहा है! कोटवार संघ के प्रदेश संगठन एवं जिला संगठन दोनों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है, रिक्त कार्यकाल में 300 कोटवारो की उपस्थिति में मुझे बेमेतरा का जिला अध्यक्ष बनाया गया है ! 

 देवेंद्र सिंह चौहान, कोटवार


Post a Comment

Previous Post Next Post