गौरतलब है कि वर्ष 2024 में सी.आर.आई.एफ. योजना के तहत इस सड़क के टू-लेन निर्माण के लिए 116 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए थे। बाद में उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव के निर्देश पर सड़क को फोरलेन में परिवर्तित करने की प्रक्रिया शुरू की गई। उनके निर्देशों के अनुरूप राज्य शासन ने गुरुवार को 21.81 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि मंजूर कर दी।
लंबे समय से क्षेत्रवासी नांदघाट–मुंगेली मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग कर रहे थे। अतिरिक्त बजट स्वीकृत होने से अब यह मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
फोरलेन सड़क बनने से मुंगेली, लोरमी, पंडरिया तथा मध्यप्रदेश की ओर से रायपुर आने-जाने वाले लोगों को तेज, सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र में व्यापार, परिवहन और विकास गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री तथा नवागढ़ विधायक श्री दयालदास बघेल ने नांदघाट–मुंगेली फोरलेन परियोजना की मंजूरी पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
