दोस्तों के साथ नहाने उतरा था हर्ष दास मानिकपुरी, सोमवार सुबह रेस्क्यू टीम ने बरामद किया शव
बेमेतरा। जिले के बेरला क्षेत्र के ग्राम चंडी भाठा में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय युवक की जान चली गई। गिट्टी खदान में भरे गहरे पानी में नहाने के दौरान रायपुर निवासी हर्ष दास मानिकपुरी डूब गया। देर रात तक उसकी तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह पुलिस की रेस्क्यू टीम और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से युवक का शव खदान के पानी से बाहर निकाला गया।
दोस्तों के साथ आया था चंडी भाठा
मिली जानकारी के अनुसार हर्ष दास मानिकपुरी पिता गोपाल दास मानिकपुरी, उम्र 21 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 05, धनलक्ष्मी नगर, दरी तालाब के पास, भनपुरी रायपुर, थाना खमतराई, अपने दोस्तों भरत पटेल और प्रशांत लहरे के साथ रविवार 9 अगस्त को रायपुर से बेमेतरा होते हुए बेरला क्षेत्र के ग्राम चंडी भाठा पहुंचा था। प्रशांत लहरे के मामा का घर चंडी भाठा में होने के कारण दोस्तों ने वहीं रुकने की योजना बनाई थी।
खाना खाने के बाद खदान में नहाने उतरे
बताया गया कि रविवार शाम दोस्तों ने घर से खाना पैक कराया और चंडी भाठा चौक से गिट्टी खदान क्रेसर की ओर चले गए। क्रेसर के पास बैठकर सभी ने खाना खाया। इसके बाद भरत पटेल, प्रशांत लहरे और हर्ष दास मानिकपुरी खदान के नीचे भरे पानी में नहाने के लिए उतर गए।
नहाने के दौरान हर्ष पानी में कुछ दूर आगे चला गया। इसी दौरान अचानक गहराई बढ़ने से वह पानी में डूब गया। दोस्तों ने उसे बचाने और काफी देर तक तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। रात तक युवक के नहीं मिलने पर गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
सुबह रेस्क्यू में मिला शव
घटना की सूचना मिलने के बाद सोमवार 10 अगस्त की सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस की रेस्क्यू टीम स्थानीय ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंची और खदान के गहरे पानी में युवक की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद हर्ष दास का शव पानी से बाहर निकाला गया।
बेरला पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू की । घटना की सूचना बेरला एसडीएम कार्यालय को भी दी गई है। पुलिस द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है।
खदानों में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने क्षेत्र की गिट्टी खदानों में सुरक्षा व्यवस्था और खुले खदान क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। गहरे पानी से भरी ऐसी खदानों के आसपास सुरक्षा एवं चेतावनी संबंधी पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं, यह जांच का विषय है।

