दो साल से खेत में खड़े 8 बिजली पोल, तार का इंतजार खत्म नहीं! किसान की सिंचाई ठप, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने 7 दिन का अल्टीमेटम दिया


बेमेतरा टाइम्स ।
ग्राम लालपुर निवासी किसान फिरता साहू पिता झड़ी राम साहू के खेत में पिछले करीब दो वर्षों से बिजली के 8 पोल तो खड़े हैं, लेकिन इन पोलों पर अब तक विद्युत तार नहीं लगाए गए हैं। इसके चलते किसान को अपने खेत की सिंचाई करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और फसल प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है।

मामले को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना, दाढ़ी खंड ने कार्यपालन अभियंता, सीएसपीडीसीएल बेमेतरा डिवीजन, कार्यालय दाढ़ी को ज्ञापन सौंपकर किसान के खेत में लगे विद्युत पोलों पर तत्काल तार लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि खेत में विद्युत पोल स्थापित होने के बावजूद लंबे समय से तार नहीं लगाए गए हैं। दो वर्ष से विद्युत कनेक्टिविटी अधूरी रहने के कारण किसान को खेती-किसानी में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सिंचाई की सुविधा प्रभावित होने से फसल को नुकसान होने की आशंका भी जताई गई है।

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने विद्युत विभाग को 7 दिवस के भीतर पोलों पर तार लगाकर विद्युत सप्लाई शुरू करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में समस्या का निराकरण नहीं होने पर किसान के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग एवं जिला प्रशासन की होगी।

ज्ञापन छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना दाढ़ी खंड के अध्यक्ष दिनेश चंद्राकर के नेतृत्व में सौंपा गया। संगठन ने कहा कि किसानों को समय पर बिजली उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है और लंबे समय से लंबित विद्युत कार्यों को तत्काल पूरा किया जाना चाहिए।

अब देखना होगा कि 7 दिन के अल्टीमेटम के बाद विद्युत विभाग किसान के खेत तक बिजली पहुंचाने के लिए क्या कार्रवाई करता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post