धनीराम के गुहार का आवेदन लेकर कलेक्टर जनदर्शन पहुंची उनकी बहू
आवेदन लेकर पहुंचे धनीराम की बहू ने बताया कि धनीराम साहू ने अपनी बीमारी के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की उम्मीद में आवश्यक दस्तावेजों के साथ माननीय विधायक के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया था। इसके बाद सुशासन तिहार (जनदर्शन) में भी मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया गया। परिवार को उम्मीद थी कि शासन की सहायता मिलने से महंगे इलाज का खर्च कुछ कम होगा और धनीराम का उपचार जारी रह सकेगा।
लेकिन धनीराम के अनुसार, 10 अगस्त तक दोनों स्थानों पर आवेदन देने के बावजूद उन्हें शासन की ओर से कोई सहायता राशि प्राप्त नहीं हुई है। लगातार उपचार में हो रहे खर्च के कारण परिवार कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। अब स्थिति यह है कि आर्थिक तंगी के कारण उनका इलाज तक प्रभावित हो गया है।
‘इलाज नहीं मिला तो बीमारी से कैसे लड़ूंगा’
धनीराम का कहना है कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ना पहले ही मुश्किल है, लेकिन जब इलाज के लिए पैसे न हों तो मरीज और उसके परिवार की परेशानी और बढ़ जाती है। परिवार अपनी सामर्थ्य के अनुसार उपचार का खर्च उठाता रहा, लेकिन लगातार बढ़ते खर्च और कर्ज के कारण अब उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने अपने बहू व बेटे के माध्यम से कलेक्टर महोदया जिला बेमेतरा से अपनी स्थिति पर मानवीय संवेदना के साथ तत्काल संज्ञान लेने की गुहार लगाई है। धनीराम ने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत यथाशीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण रुका उनका इलाज दोबारा शुरू हो सके।
दस्तावेजों के साथ लगाई मदद की गुहार
धनीराम साहू ने अपने आवेदन के साथ सुशासन तिहार/जनदर्शन में किए गए आवेदन की पावती, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, कैंसर संबंधी मेडिकल रिपोर्ट एवं राशन कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज संलग्न किए हैं।
अब कैंसर से जूझ रहे धनीराम और उनका परिवार सरकारी सहायता की उम्मीद लगाए बैठा है। परिवार की एक ही गुहार है—इलाज के लिए आर्थिक मदद मिल जाए, ताकि धनीराम अपनी जिंदगी की यह जंग लड़ सके।
वर्सन
