पालकों ने आवेदन में बताया कि शिक्षकों की कमी के चलते विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर के साथ-साथ आगामी परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावित हो रही है। इस संबंध में पूर्व में भी 03 अगस्त 2026 को कलेक्टर जनदर्शन में टोकन क्रमांक 518 के माध्यम से पालकों द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई थी, लेकिन आवेदन के बाद भी अब तक उचित कार्रवाई नहीं होने से पालकों में नाराजगी है।
15 दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी
पालकों ने कलेक्टर से विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में शिक्षकों की कमी को तत्काल दूर करने की मांग की है। आवेदन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि 15 दिवस के भीतर विद्यालय में आवश्यक शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई तो समस्त पालकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा आंदोलन किया जाएगा तथा विद्यालय में तालाबंदी की जाएगी। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
पालकों ने प्रशासन से मामले में शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करते हुए विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति अथवा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके और विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर बना रहे।
आवेदन की प्रतिलिपि जिला शिक्षा अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी, संभागीय उपसंचालक लोक शिक्षण संचालनालय दुर्ग तथा थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा को भी सूचनार्थ दी गई है। आवेदन में पालकों की ओर से संजय कुमार बांध, विजय कुमार छोटे एवं उत्तम साहू सहित अन्य पालकों के हस्ताक्षर बताए गए हैं।
