बेमेतरा को मिली बड़ी सौगात : नांदघाट–मुंगेली रोड बनेगी फोरलेन, 21.81 करोड़ की मंजूरी, 36.40 किमी सड़क का होगा चौड़ीकरण, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दिए गुणवत्ता और समय-सीमा के कड़े निर्देश


बेमेतरा टाइम्स । बेमेतरा जिले के लिए सड़क विकास के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। राज्य शासन ने नांदघाट से मुंगेली जिला मुख्यालय तक की टू-लेन सड़क को फोरलेन में उन्नत करने के लिए 21 करोड़ 81 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से 36.40 किलोमीटर लंबी सड़क का फोरलेन निर्माण किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय द्वारा प्रमुख अभियंता को राशि स्वीकृति का परिपत्र जारी कर दिया गया है। इस परियोजना के पूर्ण होने से बेमेतरा और मुंगेली के बीच आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और तेज होगा, जिससे क्षेत्र के व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्रियों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी स्तर पर निर्माण गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निविदा प्रक्रिया पूरी करने, प्राक्कलन के अनुरूप मितव्ययिता के साथ निर्माण कार्य कराने तथा अनुबंधित अवधि में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य की समय-सीमा में अनावश्यक वृद्धि स्वीकार नहीं की जाएगी। केवल अपरिहार्य एवं नियंत्रण से बाहर की परिस्थितियों में ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-वृद्धि की अनुमति दी जा सकेगी। साथ ही, नियमानुसार अर्थदंड के साथ ही समय-विस्तार (टाइम एक्सटेंशन) देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

इस परियोजना को बेमेतरा और मुंगेली जिले की यातायात व्यवस्था को मजबूत करने तथा क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post