पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया श्रीमती ललिता प्रजापति ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 अगस्त की सुबह करीब 9:30 बजे वह अपने पति ओमप्रकाश प्रजापति के साथ खेत जा रही थीं। रास्ते में एक लावारिश कुत्ता पीछे आने लगा, जिसे उनके पति ने भगाया। इसी बात को लेकर वहां मौजूद शिव श्रीवास, सोमनाथ उर्फ छोटू श्रीवास, दीपक श्रीवास और रोशन श्रीवास ने गलतफहमी में विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि चारों ने पुरानी रंजिश के चलते डंडों और पत्थरों से ओमप्रकाश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची ललिता प्रजापति को भी चोटें आईं।
घटना के बाद डायल-112 और 108 एम्बुलेंस की सहायता से घायल ओमप्रकाश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साजा ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बेमेतरा रेफर किया गया। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव के मार्गदर्शन में एसडीओपी बेरला रूचि वर्मा और थाना प्रभारी साजा निरीक्षक जनक साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम की भी सहायता ली गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। जांच में सामने आया कि दोनों परिवारों के बीच पहले से आपसी रंजिश और मनमुटाव चला आ रहा था। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडे, पत्थर एवं अन्य साक्ष्य जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी शिवकुमार श्रीवास (55), रोशन श्रीवास (27), दीपक श्रीवास (25) और सोमनाथ उर्फ छोटू श्रीवास (23), सभी निवासी ग्राम बोरतरा, थाना साजा, को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जनक साहू, उप निरीक्षक अलील चंद, असीम कीर्तनिया सहित थाना साजा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
