बेमेतरा टाइम्स । शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लोलेसरा में शुक्रवार को विद्यालय के पूर्व प्रधान पाठक के.के. तिवारी द्वारा अपनी स्वर्गीय धर्मपत्नी के जन्मदिवस की स्मृति में विद्यार्थियों के लिए स्नेहपूर्ण न्योता भोज का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर तिवारी जी एवं उनके परिवार ने बच्चों को प्रेमपूर्वक खीर, पूड़ी, जलेबी और केला परोसा। वहीं मध्यान्ह भोजन समूह द्वारा चावल, दाल एवं सब्जी की व्यवस्था की गई। विद्यार्थियों ने स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया और आयोजन का आत्मीय वातावरण सभी के लिए प्रेरणादायी रहा।
विद्यालय के संस्था प्रमुख आर.के. तिवारी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ ने इस सराहनीय पहल के लिए पूर्व प्रधान पाठक के.के. तिवारी एवं उनके परिवार के प्रति हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दिवंगत परिजनों की स्मृति में इस प्रकार के सेवा और सद्भाव से जुड़े आयोजन समाज में मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देते हैं।
