कॉलेज परिसर में चाकूबाजी : युवक पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

पुरानी रंजिश में कॉलेज गेट के बाहर किया था हमला, रायपुर भागे आरोपी को पुलिस ने दबोचा


बेमेतरा टाइम्स । शासकीय पीजी कॉलेज बेमेतरा परिसर में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी शिवानंद निषाद (21 वर्ष) निवासी हीरापुर, रायपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 29 जुलाई को अपने दोस्तों से मिलने बुलेट मोटरसाइकिल से बेमेतरा आया था। वह शासकीय पीजी कॉलेज के हॉल में दोस्तों के साथ मौजूद था, तभी चितेन्द्र दास मानिकपुरी उर्फ नोबी दास वहां पहुंचा और पुरानी बात को लेकर विवाद करने लगा। आरोपी ने कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज करते हुए पहले डंडे से हमला किया। डंडा छिन जाने पर उसने जेब से धारदार हथियार निकालकर शिवानंद की कमर पर वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

प्रार्थी की शिकायत पर सिटी कोतवाली बेमेतरा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3) एवं 109(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव तथा एसडीओपी भूषण एक्का के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

विवेचना के दौरान आरोपी चितेन्द्र दास मानिकपुरी उर्फ नोबी दास (20 वर्ष) निवासी ग्राम अतरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पुरानी रंजिश के कारण उसने कॉलेज गेट के बाहर डंडे से मारपीट की और बाद में धारदार हथियार से वार कर रायपुर भाग गया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को 31 जुलाई को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, प्रशिक्षु उप निरीक्षक विजयेन्द्र कश्यप, सहायक उप निरीक्षक भानु प्रताप पटेल, आरक्षक सौरभ सिंह सहित सिटी कोतवाली बेमेतरा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post