5 अगस्त तक सभी स्कूलों से राखियां, सैनिकों के नाम पत्र और एक चुटकी पावन मिट्टी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा कराने के निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी, बेमेतरा द्वारा जारी निर्देशानुसार सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं विकासखंड स्रोत समन्वयकों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सभी विद्यालयों से संग्रहित सामग्री 5 अगस्त 2026 तक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कक्ष क्रमांक-05 में जमा कराना अनिवार्य किया गया है।
निर्देश में कहा गया है कि प्रत्येक पैकेट पर संबंधित विद्यालय का नाम, पता, राखियों की संख्या तथा सूची अंकित की जाएगी। पैकेट में सैनिकों के नाम लिखे गए पत्र, राखियां एवं तिलक के लिए पावन मिट्टी भी संलग्न रहेगी।
यह अभियान पूर्व सैनिक महासभा छत्तीसगढ़ के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत एकत्रित सभी राखियां, पत्र और मिट्टी को पूर्व सैनिक निःस्वार्थ सेवा भाव से भारतीय सेना मुख्यालय तक पहुंचाएंगे, ताकि देश की सीमाओं पर तैनात जवानों तक प्रदेशवासियों का स्नेह, सम्मान और शुभकामनाएं पहुंच सकें।
छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा भी इस अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सैनिकों के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक मजबूत करना है।
.jpeg)