स्कूल मार्ग पर रोज छलक रहे जाम : महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा पर खतरा, सरपंच ने कलेक्टर से मांगी सख्त कार्रवाई

महिलाओं, विद्यार्थियों और किसानों की सुरक्षा का हवाला देते हुए पुलिस निगरानी व सख्त कार्रवाई की मांग


बेमेतरा टाइम्स । जनपद पंचायत बेरला अंतर्गत ग्राम पंचायत भटगांव की सरपंच श्रीमती रंगीता साहू ने कलेक्टर बेमेतरा को आवेदन सौंपकर गांव की सीमा क्षेत्र में स्थित शराब दुकान के आसपास खुलेआम हो रहे शराब सेवन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

आवेदन में बताया गया है कि शराब दुकान के आसपास प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खुले में शराब का सेवन करते हैं। यह स्थान विद्यार्थियों के स्कूल आने-जाने का मुख्य मार्ग होने के साथ-साथ महिलाओं, किसानों एवं ग्रामीणों के आवागमन का सार्वजनिक रास्ता तथा खेल मैदान से लगा हुआ क्षेत्र है।

सरपंच ने कहा है कि खुले में शराबखोरी के कारण विद्यार्थियों, महिलाओं और आम नागरिकों को असुरक्षा व असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इससे सामाजिक वातावरण भी लगातार प्रभावित हो रहा है और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।

ग्राम पंचायत ने कलेक्टर से मांग की है कि शराब दुकान के आसपास खुले में शराब पीने पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए, नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post