शिक्षक नहीं तो पढ़ाई कैसे ? आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के पालकों ने जनदर्शन में उठाई आवाज, कलेक्टर से तत्काल नियुक्ति की मांग


बेमेतरा टाइम्स । शहर के पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद शिवलाल राठी शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बेमेतरा में शिक्षकों की कमी को लेकर पालकों का आक्रोश अब प्रशासन तक पहुंच गया है। सोमवार को जनदर्शन में पालकों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर विद्यालय में रिक्त शिक्षकों के पदों को शीघ्र भरने की मांग की।

जनदर्शन में दिए गए आवेदन (टोकन क्रमांक 22102033) में पालकों ने बताया कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी के कारण कई विषयों की नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं। इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई, शैक्षणिक गुणवत्ता और आगामी परीक्षाओं की तैयारी पर पड़ रहा है।

पालकों ने आवेदन में कहा है कि यदि समय रहते शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई तो विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो सकता है। उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि विद्यालय में आवश्यक विषयों के शिक्षकों की शीघ्र पदस्थापना कर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि शिक्षकों की कमी दूर होने से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर होगा और विद्यार्थियों की पढ़ाई नियमित रूप से संचालित हो सकेगी।

जनदर्शन में यह आवेदन समस्त पालकगण की ओर से प्रस्तुत किया गया, जिसमें कई अभिभावकों के हस्ताक्षर भी शामिल हैं। अब अभिभावकों की निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी कब तक दूर की जाती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post