हर-हर महादेव से गूंजेगा बेमेतरा, सावन के दूसरे सोमवार निकलेगी बाबा भद्रकालेश्वर की भव्य पालकी, डॉ. प्रेमा साईं महाराज होंगे शामिल


बेमेतरा। सावन के पावन अवसर पर बेमेतरा नगर में सोमवार 10 अगस्त को बाबा भद्रकालेश्वर महादेव की भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी। आयोजन का यह तीसरा वर्ष है। पालकी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। यात्रा को लेकर नगर में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

इस धार्मिक आयोजन का विशेष आकर्षण मां मातंगी दिव्य धाम पीठाधीश्वर डॉ. श्री प्रेमा साईं महाराज जी का बेमेतरा आगमन और पालकी यात्रा में सहभागिता रहेगा। महाराज जी के पालकी यात्रा में शामिल होने की जानकारी से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।

इन प्रमुख मार्गों से गुजरेगी पालकी यात्रा

पालकी यात्रा भद्रकाली मंदिर से प्रारंभ होकर नवीन बाजार, नयापारा, गस्ती चौक, सिग्नल चौक, परशुराम चौक, प्रताप चौक, राम मंदिर एवं शीतला माता मंदिर होते हुए पुनः भद्रकाली मंदिर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारों के साथ भक्ति और उत्साह में शामिल होंगे।

आयोजन के दौरान डीजे एवं साउंड सिस्टम की भी व्यवस्था रहेगी। आयोजन समिति ने प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं ध्वनि सीमा का पालन करने की बात कही है।

आयोजकों के अनुसार पालकी यात्रा को शांतिपूर्ण, भव्य एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन के साथ आवश्यक समन्वय किया गया है। समिति द्वारा श्रद्धालुओं से भी यात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

पालकी यात्रा का आयोजन मां भद्रकाली डमरू दल बेमेतरा द्वारा किया जा रहा है। आयोजन की तैयारियों में आकाश गुप्ता, युवराज पटेल, रिंकू वर्मा, दुर्गेश साहू एवं कोमल देवांगन सहित समिति के सदस्य जुटे हुए हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post