चलो घर कहा तो पत्नी ने किया इनकार, पति ने हंसिया से गले पर किया जानलेवा वार ; आरोपी गिरफ्तार ! नांदघाट थाना क्षेत्र के ग्राम मुरकुटा का मामला


बेमेतरा टाइम्स । पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी के मायके पहुंचने से नाराज पति ने उसे वापस घर चलने के लिए कहा। पत्नी के इनकार करने पर आरोपी पति ने आवेश में आकर हंसिया से उसके गले पर जानलेवा वार कर दिया। हमले में महिला के गले के सामने हिस्से में चोट लगी और खून निकलने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके पर हंसिया छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार श्रीमती मीनू कुर्रे (25 वर्ष), निवासी ग्राम मुमहेला थाना आरंग, जिला रायपुर, हाल ग्राम मुरकुटा थाना नांदघाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पति लेखराम कुर्रे छोटी-छोटी बातों को लेकर उसके साथ मारपीट करता था। इसी कारण वह अपने चार बच्चों के साथ मायके ग्राम मुरकुटा में रह रही थी।

31 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे मीनू अपने घर की परछी में चावल साफ कर रही थी। इसी दौरान उसका पति लेखराम कुर्रे ग्राम मुरकुटा पहुंचा और बच्चों के साथ घर चलने की बात कहते हुए पत्नी को तैयार होने के लिए कहा। मीनू ने छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद और मारपीट किए जाने की बात कहते हुए उसके साथ जाने से इनकार कर दिया।

पत्नी के इनकार करने पर आरोपी ने कथित तौर पर आवेश में आकर कहा कि “कैसे नहीं जाओगी” और घर की परछी में रखे हंसिया से मीनू के गले पर वार कर दिया। महिला ने अपने हाथ से वार रोकने का प्रयास किया, जबकि पास बैठी उसकी छोटी बहन ने आरोपी को धक्का देकर हटाया। इसके बाद मीनू ने शोर मचाया तो आरोपी हंसिया मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर गांव की मितानिन ने 112 वाहन को सूचना दी। इसके बाद मितानिन के साथ घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ ले जाया गया। महिला की रिपोर्ट पर थाना नांदघाट में धारा 109(1) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर की पूछताछ

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव तथा एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नांदघाट निरीक्षक लेखराम ठाकुर को पुलिस टीम के साथ विवेचना की जिम्मेदारी दी गई। प्रकरण में एफएसएल यूनिट का भी सहयोग लिया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी लेखराम कुर्रे उर्फ सोनू (29 वर्ष), पिता तिजु राम कुर्रे, निवासी ग्राम मुमहेला, थाना आरंग, जिला रायपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी पर हंसिया से हमला करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी को 08 अगस्त को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नांदघाट निरीक्षक लेखराम ठाकुर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक ईश्वरी डुप्ले, प्रधान आरक्षक अशोक तिर्की, संजय भगत, आरक्षक मिथुन चंद्रवंशी, प्रताप सिंह यादव, सुरेश सोनकर सहित थाना नांदघाट स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post