धरना-प्रदर्शन के दौरान पटवारियों ने शासन से पदोन्नति की समयबद्ध व्यवस्था, समयमान वेतनमान का लाभ तथा वेतन विसंगति के निराकरण की मांग उठाई। संघ का कहना है कि लंबे समय से इन मांगों को लेकर शासन और विभाग को ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि अन्य विभागों में कर्मचारियों को निर्धारित समयावधि में पदोन्नति का लाभ मिलता है, जबकि पटवारियों के लिए ऐसी कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं है। वहीं ग्रेड पे संशोधन के बाद उत्पन्न वेतन विसंगति से भी कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
धरने के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार शीघ्र ही उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में जिले के पटवारी उपस्थित रहे। सामूहिक अवकाश के कारण कई स्थानों पर राजस्व संबंधी कार्य भी प्रभावित रहे। संघ ने शासन से जल्द समाधान निकालकर कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांगों का निराकरण करने की अपील की।
