शंकराचार्य के सान्निध्य में सर्व ब्राह्मण समाज का संगठन विस्तार, देवरबीजा उप-तहसील अध्यक्ष बने युवराज दुबे

17 अगस्त को नेवनारा में सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों का होगा सम्मान समारोह


बेमेतरा टाइम्स । सपाद लक्षेश्वर धाम सलधा में चातुर्मास पर विराजमान स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती एवं दण्डी स्वामी स्वामी ज्योतिर्मयानंद सरस्वती के पावन सान्निध्य में सर्व ब्राह्मण समाज, बेमेतरा जिला की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक से पूर्व समाज के पदाधिकारियों ने दोनों संतों का आशीर्वाद प्राप्त कर समाज, प्रदेश एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात संगठन विस्तार और आगामी सामाजिक गतिविधियों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में संगठन को ग्राम स्तर तक सशक्त बनाने के उद्देश्य से देवरबीजा उप-तहसील कार्यकारिणी के गठन का निर्णय लिया गया। सर्वसम्मति से घोंटमर्रा के सरपंच युवराज दुबे को देवरबीजा उप-तहसील अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति पर समाज के पदाधिकारियों ने पुष्पमालाओं से स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन की शुभकामनाएं दीं।

जिलाध्यक्ष डॉ. शिरीष शर्मा ने कहा कि मजबूत और सक्रिय संगठन ही समाज के विकास की आधारशिला होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी सामाजिक एकता, शिक्षा, संस्कार और सेवा कार्यों को नई दिशा एवं गति प्रदान करेगी।

दुर्ग संभाग महासचिव चंद्रिका प्रसाद शर्मा ने समाज के प्रत्येक परिवार को संगठन से जोड़ने तथा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। वहीं प्रदेश सचिव विकास धर दीवान ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता में निहित है। उन्होंने गांव-गांव तक संगठन विस्तार, सामाजिक जनगणना, युवाओं की सहभागिता और प्रत्येक परिवार तक संगठन की पहुंच सुनिश्चित करने को प्राथमिकता बताया। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से सेवा, समर्पण और समन्वय की भावना के साथ कार्य करने का आग्रह किया।

बैठक में आगामी 17 अगस्त को नेवनारा में समाज के हाल ही में सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों के सम्मान समारोह के आयोजन पर भी विस्तृत चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि वरिष्ठजनों के सम्मान और उनके अनुभवों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्यक्रम को गरिमामय एवं भव्य स्वरूप दिया जाएगा।

इस अवसर पर दुर्ग संभाग सचिव सुरेश दुबे, जिला महासचिव प्रदीप दुबे, संजीव तिवारी, जिला सचिव कृष्णा प्रसाद तिवारी, जिला सचिव आलोक तिवारी, जिला संगठन सचिव गौरीशंकर शर्मा, बेरला तहसील युवा मंच अध्यक्ष अजय पांडे, बेमेतरा ब्लॉक उपाध्यक्ष गजानंद शर्मा, रोशन धर दीवान, दिव्यम प्रसाद शुक्ला सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।

बैठक के समापन पर सभी पदाधिकारियों ने समाज को और अधिक संगठित, सक्रिय एवं जनसेवा के प्रति समर्पित बनाने का संकल्प लिया। साथ ही शिक्षा, संस्कार, सामाजिक समरसता और सेवा के क्षेत्र में निरंतर रचनात्मक कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Post a Comment

Previous Post Next Post