15 साल बाद भी अटल आवास कॉलोनी बदहाल : सड़क-नाली के अभाव में नारकीय जीवन, रहवासियों ने कलेक्टर से लगाई गुहार


बेमेतरा टाइम्स । शहर के मोहभट्ठा स्थित अटल आवास कॉलोनी के रहवासियों ने वर्षों से मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहने पर जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर पक्की सड़क और नाली निर्माण की मांग की है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि वर्ष 2011-12 में निर्मित इस आवासीय परिसर में आज तक सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।

बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। घरों का गंदा पानी गलियों में भर जाता है, जिससे कीचड़, जलभराव और दुर्गंध के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। जलभराव से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कॉलोनीवासियों ने आवेदन में बताया कि कई वर्षों से मूलभूत सुविधाओं की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कलेक्टर से जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र पक्की सड़क एवं पक्की नाली निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है, ताकि लोगों को सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण में जीवनयापन करने का अवसर मिल सके।

रहवासियों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो समस्या और गंभीर हो सकती है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि आखिर वर्षों से उपेक्षित अटल आवास कॉलोनी के निवासियों को उनकी मूलभूत सुविधाएं कब तक मिल पाएंगी।

वर्सन 

मेरे तक इस सबंध मे कोई शिकायत नहीं आया है, मै तत्काल दिखवाता हूँ !

नरेश वर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी बेमेतरा

Post a Comment

Previous Post Next Post