पुलिस के अनुसार ग्राम अड़बंधा निवासी टामन सिंह ठाकुर (66 वर्ष) 28 जून को दोपहर करीब 12 बजे अपने घर में ताला लगाकर दुर्ग चले गए थे। 7 अगस्त को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के सामने के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो कमरों और आलमारी में रखा सामान अस्त-व्यस्त था। घर के हॉल में रखा वनप्लस कंपनी का 42 इंच LED टीवी गायब मिला। अज्ञात चोर के खिलाफ थाना दाढ़ी में धारा 331(4), 305(ए) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) ने आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी का सामान बरामद करने के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव एवं एसडीओपी बेमेतरा श्री भूषण एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दाढ़ी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच तेज की।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दाढ़ी बाजार में संदिग्ध रूप से घूम रहे चंदन चंद्राकर एवं उसके दो साथियों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों द्वारा ग्राम अड़बंधा के सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही।
पुलिस ने आरोपी चंदन चंद्राकर पिता मनीराम चंद्राकर, उम्र 19 वर्ष, निवासी नयापारा, थाना दाढ़ी, जिला बेमेतरा के कब्जे से चोरी गया LED टीवी बरामद कर जब्त किया। आरोपी को 28 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया। वहीं दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक रामकुमार दिवाकर, प्रधान आरक्षक पंकज सिंह, अनिल तिवारी, आरक्षक रतन श्रीवास, बिरेन्द्र चंद्रवंशी, सुखसागर साहू, हेम प्रसाद साहू, फिरोज साहू, संजय चंद्राकर सहित थाना दाढ़ी के समस्त पुलिस स्टाफ का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा।
