अत्यधिक बारिश के चलते बेमेतरा में 26 सितंबर की त्रैमासिक परीक्षा स्थगित, जलभराव वाले स्कूलों में विद्यार्थियों को नहीं बुलाने के निर्देश


बेमेतरा टाइम्स । जिले में लगातार हो रही अत्यधिक वर्षा को देखते हुए छात्रहित में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने 26 सितंबर को आयोजित होने वाली त्रैमासिक परीक्षा स्थगित कर दी है। परीक्षा अब आगामी दिवस में आयोजित की जाएगी।

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 25 सितंबर को जारी आदेश में जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों तथा शासकीय प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रधान पाठकों को निर्देशित किया गया है कि अत्यधिक बारिश के कारण उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

आदेश में विशेष रूप से कहा गया है कि जिन विद्यालयों में जलभराव की स्थिति है, वहां किसी भी परिस्थिति में विद्यार्थियों को विद्यालय नहीं बुलाया जाए। ऐसे जलभराव वाले विद्यालयों में अवकाश घोषित कर इसकी सूचना जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को देना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा स्थगित किए जाने की सूचना संबंधित अधिकारियों और विद्यालयों तक पहुंचाने के साथ ही विकासखंड स्रोत समन्वयक एवं संकुल समन्वयकों को भी आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post