नदी-नाले उफान पर, कई मार्गों पर आवाजाही बंद : बेमेतरा पुलिस ने की बेरिकेडिंग, जलभराव वाले रास्तों से दूर रहने की अपील


बेमेतरा टाइम्स । जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से शिवनाथ नदी समेत विभिन्न नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर आने से आवागमन प्रभावित हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने संवेदनशील एवं प्रभावित मार्गों पर बेरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया है।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव सहित जिले के पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों द्वारा प्रभावित मार्गों की निगरानी की जा रही है। सड़क के दोनों ओर बेरिकेड्स लगाए गए हैं और वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को प्रभावित रास्तों पर आगे नहीं बढ़ने की समझाइश दी जा रही है।

इन प्रमुख मार्गों पर बढ़ा खतरा

जलस्तर बढ़ने से बेमेतरा-दुर्ग मुख्य मार्ग स्थित समोदा नाला, बेरला-रायपुर मार्ग पर पठारीडी के पास खारुन नदी, साजा-थानखम्हरिया मार्ग पर नकटा नाला, रौद्रा-बगलेड़ी मार्ग पर डोटू नाला, नवकेशा-देवकर-जालबांधा मार्ग, थानखम्हरिया-सिल्हाटी मार्ग, बोरतरा-परपोड़ी मार्ग पर सुरही नदी से जुड़े मार्ग तथा नवागढ़-भाठापारा मार्ग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा जिले के अन्य नदी-नालों में भी जलस्तर बढ़ने की स्थिति बनी हुई है।

पुलिस एवं जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जलभराव वाले रास्तों, पुल-पुलियों और उफनते नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं। विशेषकर वाहन चालक पानी का बहाव देखकर भी जबरन रास्ता पार करने का प्रयास न करें। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा लगाए गए बेरिकेड्स को हटाकर आगे बढ़ना जानलेवा साबित हो सकता है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि प्रभावित मार्गों पर जाने के बजाय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतें।

Post a Comment

Previous Post Next Post