ओमनी वर्मा एक साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता राइस मिल में मजदूरी करते हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद सामान्य है। इसके बावजूद ओमनी ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया कि सफलता संसाधनों की मोहताज नहीं होती। ओमनी बेमेतरा के सरकारी स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय की छात्रा हैं। रिजल्ट घोषित होने के बाद उनके घर में जश्न का माहौल है। परिवार की दादी, मां, बड़ी मम्मी और चाचियां सभी उनकी इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रही हैं।
दिलचस्प बात यह रही कि जब परिणाम घोषित हुआ, उस समय उनके पिता रोज की तरह राइस मिल में मजदूरी करने गए हुए थे। यह उनके परिवार के संघर्ष और मेहनत को दर्शाता है। मीडिया से बातचीत में ओमनी ने कहा कि उनका सपना अपने पिता के सपनों को पूरा करना है। उनकी यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है।
