बेमेतरा ! जिले के नवागढ़ नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 13 में विकास कार्य अब लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बन गया है। यहां सड़क निर्माण तो पूरा कर दिया गया, लेकिन नाली निर्माण अधूरा छोड़ दिए जाने से स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। सड़क के दोनों ओर गहरी खुदाई कर महीनों से कार्य बंद पड़ा है, जिससे क्षेत्र में हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब दो माह पहले सड़क बनाई गई थी। इसके बाद नाली निर्माण शुरू किया गया, लेकिन कुछ दूरी तक खुदाई करने के बाद काम बंद कर दिया गया। हालत यह है कि कई घरों तक पहुंचने के लिए लोगों को लकड़ी और अस्थायी पुल का सहारा लेना पड़ रहा है। बारिश और पानी भराव की स्थिति में यह समस्या और भी गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि क्षेत्र की समस्या से पूरी तरह बेखबर बने हुए हैं। अब तक किसी ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा तक नहीं लिया है।
युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के सक्रिय नेता परमेश्वर पात्रे ने अधूरे निर्माण कार्य को लेकर नगर पंचायत प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नाली निर्माण में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो आगामी दिनों में उग्र आंदोलन और उच्च स्तरीय प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह महत्वपूर्ण मार्ग नवागढ़ को तोरा, बरबसपुर, बाघुल, बघली, टुरासिमरिया और अंधियारखोर जैसे बड़े गांवों से जोड़ता है। सड़क के दोनों ओर लगातार पानी भरे रहने से नई सड़क के जल्द खराब होने का खतरा भी बढ़ गया है। यदि समय रहते नाली निर्माण पूरा नहीं हुआ तो लाखों रुपये की सड़क बर्बाद हो सकती है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अधूरा नाली निर्माण कार्य पूरा कराया जाए और लोगों के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
