बेमेतरा। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और आमजन पर पड़ रहे महंगाई के बोझ को लेकर आज जिला मुख्यालय बेमेतरा में शहर कांग्रेस एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पेट्रोल पंप पहुंचे, जहां उन्होंने लाइन में खड़े नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और केंद्र की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ने से आम आदमी की कमर टूट चुकी है। महंगाई का असर हर वर्ग पर पड़ रहा है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण परिवहन, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने जनता को भरोसा दिलाया कि पार्टी हमेशा आमजन के हक, अधिकार और उनकी आवाज के लिए संघर्ष करती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और महंगाई पर नियंत्रण की मांग उठाई गई।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
