30 लाख के गहने और नकदी लौटाकर रचा ईमानदारी का इतिहास, साहू समाज ने किया भव्य सम्मान — आनंद प्रकाश साहू बने बेमेतरा की शान


लालच पर ईमानदारी की जीत: लावारिस बैग में मिले लाखों के जेवर और नकदी को पुलिस के हवाले कर पेश की मिसाल

बेमेतरा। जिला साहू संघ बेमेतरा के जिला अध्यक्ष नारद साहू के नेतृत्व में वरिष्ठ पत्रकार आनंद प्रकाश साहू का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उन्हें साल, गुलदस्ता एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनकी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक मूल्यों के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।

जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पत्रकार आनंद प्रकाश साहू को प्रातः लगभग साढ़े चार बजे एक लावारिस बैग मिला था। बैग की जांच करने पर उसमें करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण तथा 33 हजार रुपये नगद रखे हुए मिले। इतनी बड़ी रकम और कीमती सामान मिलने के बावजूद उन्होंने बिना किसी लालच के पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग को तत्काल सिटी कोतवाली बेमेतरा में सुरक्षित जमा करा दिया।

आनंद प्रकाश साहू के इस सराहनीय और प्रेरणादायक कार्य की पूरे जिले में व्यापक प्रशंसा हो रही है। जिला साहू संघ ने उनके इस कदम को ईमानदारी, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्व समाज की वास्तविक पूंजी होते हैं, जो नई पीढ़ी को सही दिशा दिखाने का कार्य करते हैं।

सम्मान समारोह में तहसील अध्यक्ष रोहित साहू, जिला सलाहकार नारायण साहू, प्रदेश प्रतिनिधि पंचम साहू, जिला कोषाध्यक्ष रामकुमार साहू, न्याय प्रकोष्ठ संयोजक घनाराम साहू, जिला मीडिया प्रभारी ताम्रध्वज साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

"ईमानदारी की मिसाल बने आनंद प्रकाश साहू, साहू समाज ने कहा — ऐसे लोगों पर पूरे बेमेतरा को गर्व है।"

Post a Comment

Previous Post Next Post