प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रचा इतिहास, 4399 दिनों की निरंतर सेवा पर बेमेतरा में सुंदरकांड पाठ का आयोजन


बेमेतरा। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल किया है। लगातार 12 वर्षों तक प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए 4399 दिनों की निरंतर राष्ट्र सेवा का यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड उनके मजबूत नेतृत्व, जनसेवा के प्रति समर्पण एवं देशवासियों के अटूट विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि और प्रधानमंत्री मोदी के सफल नेतृत्व के उपलक्ष्य में बेमेतरा विधानसभा के कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। बुधवार को बेमेतरा स्थित श्रीराम मंदिर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने एकत्र होकर रामायण एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया तथा देश की उन्नति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों, सुशासन एवं वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अनेक क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

सुंदरकांड पाठ के पश्चात कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उनके नेतृत्व में राष्ट्र की निरंतर प्रगति का संकल्प भी दोहराया। आयोजन के दौरान भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विडिओ देखे 👇



Post a Comment

Previous Post Next Post