524 विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प : खंडसरा हायर सेकेंडरी स्कूल में नवप्रवेशित छात्रों का भव्य स्वागत, मेधावियों का सम्मान और छात्रवृत्ति विजेता का हुआ अभिनंदन


बेमेतरा टाइम्स/खंडसराशासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल खंडसरा के सभागार में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक, पुष्पवर्षा एवं मिष्ठान से आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकें और स्कूल गणवेश प्रदान किए।

कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता निवेदिता जोशी, जिला पंचायत सदस्य बाल कुमारी, जनपद सदस्य बीरबल वर्मा, सरपंच फूलबाई मार्कण्डेय, सुधराम रजक, देवेन्द्र मार्कण्डेय, पूनम चौहान, अशोक जायसवाल, राजकुमार सिन्हा एवं जय जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

विद्यालय के प्राचार्य महेश साहू ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा के उत्कृष्ट परिणामों से भी सभी को अवगत कराया।

इस अवसर पर सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं में मीनाक्षी (88.6%), काजल (87.2%) एवं ओमकुमारी (86.6%), जबकि कक्षा 10वीं में कुणाल वर्मा (86%), वागेश्वरी (85.16%) तथा मनीष (81.16%) को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 'राष्ट्रीय साधन-सह-मेधा छात्रवृत्ति' के लिए चयनित छात्रा कु. पुर्नेश्वरी, पिता पूनम चौहान का विशेष सम्मान रहा। अतिथियों एवं शिक्षकों ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत नीलम तिवारी, श्रद्धा चंद्राकर, कविता ध्रुव, बोधमति, नीरज, महादेव कौशल, अरविंद सोनी, लहर नेताम (सीएसी) सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों ने किया। कार्यक्रम का संचालन के.एल. ढीमर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन इरफान खान ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, पालक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल खंडसरा में वर्तमान में मात्र 7 व्याख्याताओं एवं 2 प्रशिक्षकों के भरोसे कला, विज्ञान (गणित एवं जीवविज्ञान), वाणिज्य तथा व्यावसायिक पाठ्यक्रम (आईटी एवं कृषि) सहित विभिन्न संकायों में 524 विद्यार्थियों की पढ़ाई संचालित हो रही है। सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यालय लगातार उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देकर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post