काल बनकर गिरी कच्ची दीवार : मलबे में दबकर दो मासूम बहनों की दर्दनाक मौत, महिला गंभीर घायल, बेमेतरा थाने के ग्राम राऊरपुर का मामला


बेमेतरा टाइम्स। जिले के बेमेतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बालसमुंद के पास ग्राम राऊरपुर में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। पुराने कच्चे मकान की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही बेमेतरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम राहुरपुर निवासी चंद्रप्रकाश कोसले ने हाल ही में नया मकान बनवाया था, लेकिन पुराने घर की करीब 7 से 8 फीट ऊंची कच्ची ईंट की दीवार अब तक नहीं तोड़ी गई थी। उसी दीवार के पास परिवार के लोग रोजमर्रा के काम किया करते थे।

बताया जा रहा है कि घटना के समय चंद्रप्रकाश की बहन जगोना दीवार के नीचे बर्तन साफ कर रही थीं, जबकि चंद्रप्रकाश की 7 और 8 वर्ष की दो मासूम बेटियां वहीं खेल रही थीं। तभी अचानक जर्जर कच्ची दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई।

हादसे में दोनों बच्चियां मलबे में दब गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जगोना गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बेमेतरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, आवश्यक कार्रवाई करते हुए घायल महिला को तत्काल बेमेतरा जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया वहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे राहुरपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post