ज्येष्ठ पूर्णिमा पर ग्राम बैजी में सेवा का अनुपम उदाहरण, कबीर प्रकटोत्सव पर शरबत व भोजन प्रसादी का हुआ भव्य आयोजन


बेमेतरा टाइम्स । ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर एवं संत शिरोमणि कबीर साहब के प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में ग्राम बैजी में धार्मिक आस्था और जनसेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर आयोजित भव्य सेवा कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे गांव में श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम के तहत राहगीरों एवं ग्रामीणों के लिए शीतल शरबत वितरण तथा भोजन प्रसादी (सब्जी-पूड़ी) की व्यवस्था की गई। भीषण गर्मी के बीच शरबत पाकर लोगों ने राहत महसूस की, वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कबीर साहब का स्मरण करते हुए प्रसादी ग्रहण की।

इस पुनीत आयोजन को सफल बनाने में (SKDV) मिशन, अमीन माता सेवा समिति तथा ग्राम बैजी के समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा। सभी ने मिलकर निस्वार्थ भाव से सेवा करते हुए सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान कबीर साहब के भजनों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। ग्रामीणों ने इसे सेवा, समर्पण और सामाजिक सद्भाव का प्रेरणादायी आयोजन बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post