पति की करंट लगने से मौत के बाद दर-दर भटक रही महिला, BSNL के ठेका कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान हुई थी मौत, 6 साल की बेटी के पालन-पोषण पर मंडरा रहा संकट !


बेमेतरा टाइम्स । पति की असमय मौत के बाद आर्थिक संकट से जूझ रही एक महिला ने कलेक्टर जनदर्शन में सहायता राशि की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। ग्राम मटका निवासी श्रीमती माया यदु ने कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया कि उनके पति नंद लाल यदु की मृत्यु 3 मई 2025 को ड्यूटी के दौरान करंट लगने से हो गई थी।

आवेदन के अनुसार नंद लाल यदु बीएसएनएल में ठेका कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। घटना उस समय हुई जब वे जेल कॉलोनी के पास गुनरबोड़ क्षेत्र में इंटरनेट कनेक्शन सुधारने का कार्य कर रहे थे। विद्युत तार के संपर्क में आने से उन्हें करंट लगा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

माया यदु ने बताया कि वे बीपीएल परिवार से हैं तथा उनकी 6 वर्षीय पुत्री नियति यदु है। पति की मृत्यु के बाद परिवार की आय का एकमात्र स्रोत समाप्त हो गया है, जिससे आजीविका चलाना कठिन हो गया है। उन्होंने शासन की किसी भी पात्र योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।

कलेक्टर जनदर्शन में दर्ज आवेदन (टोकन क्रमांक 2210226001421, दिनांक 08 जून 2026) में महिला ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि उनकी और उनकी मासूम बेटी की जीवन-यापन की समस्या को देखते हुए शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

बड़ा सवाल

ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले ठेका कर्मचारी के परिवार को अब तक पर्याप्त सहायता क्यों नहीं मिली? क्या प्रशासन और संबंधित विभाग पीड़ित परिवार को राहत दिलाने आगे आएंगे?

Post a Comment

Previous Post Next Post