झिरिया में शिक्षा के साथ विकास की सौगात : खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने 20 लाख के कार्यों की घोषणा, नवप्रवेशी बच्चों का किया भव्य स्वागत


बेमेतरा टाइम्स । जिले के नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम झिरिया में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के खाद्य मंत्री दयालदास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री बघेल ने नवधा रामायण मंच का लोकार्पण तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय के नए भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया, उनका मुंह मीठा कराया और पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर शिक्षा के नए सफर की शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि "शिक्षा किसी भी समाज की सबसे मजबूत नींव है और विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का प्रमुख केंद्र है।" उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। पाठ्यपुस्तक, मध्याह्न भोजन, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत झिरिया की सरपंच फाल्गुनी ताराचंद पाल द्वारा रखी गई मांगों पर मंत्री बघेल ने गांव के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, बिटकुली सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये तथा अन्य विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। साथ ही राउत नाचा एवं पंथी नृत्य की शानदार प्रस्तुति देने वाले बाल कलाकारों को प्रोत्साहन स्वरूप 20-20 हजार रुपये देने की भी घोषणा की।

शाला प्रवेश उत्सव केवल बच्चों के विद्यालय प्रवेश तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शिक्षा, संस्कृति और विकास का संगम बनकर सामने आया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और शिक्षा के महत्व के संदेश के साथ हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post