आवेदक ओमप्रकाश साहू, निवासी ग्राम गनिया, ने अपने आवेदन में बताया कि उनकी पुत्री आरती साहू ने लगभग दो वर्ष पूर्व ग्राम हरदी निवासी विश्वजीत बघेल से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से वह अपने ससुराल में रह रही थी।
पिता का आरोप है कि पिछले लगभग एक वर्ष से उनकी पुत्री पर पति, ससुर, सास, जेठ एवं जेठानी लगातार मायके की पैतृक संपत्ति में हिस्सा (बंटवारा) मांगने का दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर उसे शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। मृतका कथित रूप से अपने पिता को कई बार यह बात बता चुकी थी कि यदि वह हिस्सा नहीं लाएगी तो उसे घर से निकालने या जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
आवेदन के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को गांव में सूचना मिलने पर पिता को बेटी की मौत की जानकारी मिली। उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष ने मृत्यु की सूचना उन्हें नहीं दी। जब वे ग्राम हरदी पहुंचे, तब तक पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज चुकी थी। पिता का कहना है कि ससुराल पक्ष घटना को आत्महत्या बताकर अफवाह फैला रहा है, जबकि उन्हें पूरा विश्वास है कि उनकी पुत्री की हत्या कर उसे फांसी पर लटकाया गया है।
प्रार्थी ने संबधितो पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच, एफआईआर दर्ज करने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मामले में जांच पूरी होने और पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
