खबर कवरेज के बाद बवाल ! पत्रकार ने मांगी सुरक्षा, कहा धमकी देने के साथ झूठे केस मे फ़साने की रची जा रही साजिश


बेमेतरा टाइम्स  |  बेमेतरा जिले में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। एक प्रतिष्ठत मीडिया संस्थान के बेमेतरा संवाददाता गौकरण यदु ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन सौंपकर आरोप लगाया है कि पत्रकारिता कार्य के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, उन्हें धमकी दी गई और अब उन्हें झूठे प्रकरण में फँसाने की साजिश रची जा रही है!

आवेदन के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे गौकरण यदु समाचार संकलन के लिए बीजाभाट स्कूल पहुंचे थे। उनका आरोप है कि इस दौरान विद्यालय की स्टाफ सदस्य ने उनके साथ अभद्र एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद उनके भाई द्वारा भी कथित रूप से धमकी दी गई, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका है।

पत्रकार ने आवेदन में यह भी कहा है कि उन्हें जानकारी मिली है कि उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है तथा अन्य लोगों पर भी इसके लिए दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि ऐसा होता है तो इससे उनकी प्रतिष्ठा और पत्रकारिता प्रभावित होगी।गौकरण यदु ने प्रशासन को बताया कि वे समाचार संकलन के लिए अक्सर अकेले विभिन्न क्षेत्रों में जाते हैं। ऐसे में यदि भविष्य में उनके साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना, जानलेवा हमला, शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना होती है अथवा उन्हें झूठे मामले में फँसाने का प्रयास किया जाता है, तो उनके इस आवेदन को पूर्व सूचना के रूप में माना जाए और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जाए।

उन्होंने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा को भी भेजी गई है।

यह समाचार कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को दिए गए लिखित आवेदन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post