जुलाई का वेतन नहीं मिला तो आंदोलन की चेतावनी : स्वास्थ्यकर्मियों के समर्थन में जनपद सदस्य दीपक सिंह दिनकर ने मांगी प्रदर्शन की अनुमति


बेमेतरा टाइम्स । जिला बेमेतरा के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों के लंबित जुलाई माह के वेतन भुगतान को लेकर मामला गरमाता जा रहा है। समय पर वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न होने का हवाला देते हुए जनपद पंचायत बेमेतरा क्षेत्र क्रमांक-16 के जनपद सदस्य दीपक सिंह दिनकर ने अनुविभागीय अधिकारी, बेमेतरा के नाम नायाब तहसीलदार जयंत पटले को आवेदन सौंपकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन एवं प्रतीकात्मक पुतला दहन की अनुमति मांगी है।

जनपद सदस्य ने अपने आवेदन में कहा है कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी विषम परिस्थितियों में भी लगातार जनसेवा का दायित्व निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें जुलाई माह का वेतन अब तक नहीं मिल पाया है। वेतन में हो रही देरी से कर्मचारियों में असंतोष है और उनके परिवारों के सामने आर्थिक परेशानियां खड़ी हो रही हैं।

आवेदन के अनुसार, 04 अगस्त को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), बेमेतरा को लिखित अभ्यावेदन सौंपकर जुलाई माह का वेतन तत्काल जारी करने की मांग की गई थी। साथ ही वेतन भुगतान नहीं होने की स्थिति में लोकतांत्रिक आंदोलन किए जाने की सूचना भी दी गई थी। इसके बावजूद अब तक वेतन भुगतान की दिशा में सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

13 अगस्त से धरना, पुतला दहन का कार्यक्रम प्रस्तावित

दीपक सिंह दिनकर ने बताया कि स्वास्थ्यकर्मियों के न्यायोचित अधिकारों एवं लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर 13 अगस्त को प्रतीकात्मक पुतला दहन तथा इसी दिन से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, बेमेतरा के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित है।

उन्होंने प्रशासन से प्रदर्शन के लिए आवश्यक अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया है। आवेदन की प्रतिलिपि स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, CMHO तथा थाना प्रभारी बेमेतरा को भी सौंपी गई है।

जनपद सदस्य ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन का उद्देश्य स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का लंबित वेतन शीघ्र जारी कराना और उनके हितों की रक्षा करना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post