मृतक के परिवार को मुआवजे की मांग पर भड़का आक्रोश, हादसे में दूसरा दोपहिया चालक भी हुआ था घायल
जानकारी के अनुसार ग्राम सांकरा निवासी डामर सिंह सूरी सोमवार शाम सड़क पार करते समय दुर्घटना में घायल हो गए थे। हादसे के बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया। रायपुर में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान दूसरा व्यक्ति दोपहिया वाहन पर सवार था और दुर्घटना में वह भी घायल हुआ था। उसे भी उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था। दुर्घटना के कारणों को लेकर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
इधर, डामर सिंह सूरी का शव जब मंगलवार को गांव लाया गया तो बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर एकत्र हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव वाहन को रास्ते में रोककर चक्काजाम कर दिया और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग करने लगे। ग्रामीणों के अनुसार डामर सिंह अपने परिवार में अकेले कमाने वाले व्यक्ति थे, ऐसे में उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही तहसीलदार एवं पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी मांगों को सुना। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आवश्यक समझाइश देते हुए नियमानुसार सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात व्यवस्था सामान्य हुई।
हादसे में हुई मौत के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए शीघ्र उचित मुआवजा एवं सहायता राशि दिलाने की मांग की है।
वर्सन
सड़क दुर्घटना में तत्काल मिलने वाली सहायता राशि 25000 रूपये पीड़ित परिवार को प्रदान किया गया है, लोगों को समझाइश के बाद चक्का जाम समाप्त कराया गया !
केशव वासनिक, तहसीलदार भिंभौरी
