आवेदन के अनुसार, प्रार्थी की कृषि भूमि खसरा नंबर 61/2, रकबा 0.37 हेक्टेयर ग्राम तिरियाभाट में स्थित है। किसान का आरोप है कि पिछले लगभग दो वर्षों से गांव के 4 - 5 लोगो द्वारा सामने स्थित घास भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर फसल की खेती की जा रही है। किसान का कहना है कि इस कारण उसके खेत तक आने-जाने में गंभीर परेशानी हो रही है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि जब संबंधित लोगों से इस संबंध में आपत्ति जताई गई तो उन्होंने पट्टा होने की बात कही, जबकि पटवारी द्वारा तैयार पंचनामा में यह उल्लेख है कि जांच के दौरान संबंधित व्यक्तियों द्वारा कोई पट्टा प्रस्तुत नहीं किया गया।
किसान ने बताया कि इस संबंध में वह पहले भी तहसीलदार के समक्ष शिकायत कर चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे परेशान होकर उसने अब जिलाधीश बेमेतरा को शिकायत सौंपकर शासकीय घास भूमि से कथित अतिक्रमण हटाने तथा आवश्यक राजस्व कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रार्थी ने आवेदन के साथ पटवारी पंचनामा, तहसीलदार को पूर्व में दी गई शिकायत तथा भूमि की रजिस्ट्री की प्रतियां भी संलग्न की हैं। अब इस मामले में जिला प्रशासन की कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है।
